जीआईसी में 22 प्रतिशत कापियां जांची गईं
मुजफ्फरनगर। यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य गति नहीं पकड़ पा रहा है। मूल्यांकन में लगे सभी शिक्षक केंद्रों पर नहीं पहुंच रहे हैं।
जिले में राजकीय इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज और दीपचंद ग्रेन चैंबर इंटर कॉलेज में यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन चल रहा है। इस्लामिया इंटर कॉलेज और दीपचंद ग्रेन चैंबर इंटर कॉलेज में हाईस्कूल तथा जीआईसी में इंटर की कापियां की जांच हो रही है। जीआईसी मूल्यांकन केंद्र के प्रभारी प्रधानाचार्य ब्रजेश कुमार ने बताया कि अब तक 22 प्रतिशत कापियों का मूल्यांकन हो चुका है। यहां मूल्यांकन ड्यूटी में लगे अधिकांश शिक्षक तो आ रहे हैं, लेकिन अन्य दो सेंटरों पर बड़ी संख्या में अनुपस्थित हो रहे हैं। सोमवार को दीपचंद ग्रेन चैंबर स्कूल में 357 में से 209 शिक्षक ही मूल्यांकन के लिए पहुंचे। प्रधानाचार्य विजय शर्मा ने बताया कि अभी लगभग 70 हजार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन बाकी है। इस्लामिया इंटर कॉलेज में भी बड़ी संख्या में शिक्षक अनुपस्थित चल रहे हैं। नतीजतन मूल्यांकन का कार्य अभी गति नहीं पकड़ सका है।