शिक्षक दिवस पर सम्मानित होंगे डॉक्टर विकास शर्मा
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक व एसडी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉक्टर विकास शर्मा को शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने के लिए पांच सितंबर को शिक्षक दिवस पर राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
मूल रूप से बिजनौर जनपद के कस्बा हल्दौर निवासी डॉक्टर विकास शर्मा ने बताया कि वे प्रतिदिन यहां से मीरापुर स्थित कॉलेज में आते-जाते हैं। शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए डॉ विकास ने बताया कि वर्ष 2007 में उन्होंने भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता के रूप में मीरापुर के एसडी इंटर कॉलेज में शिक्षण कार्य की शुरूआत की थी। बेहतर कार्यप्रणाली के चलते महज तीन साल बाद ही वर्ष 2010 में कॉलेज की प्रबंध समिति ने उन्हें प्रधानाचार्य नियुक्त किया था। प्रधानाचार्य पद पर रहते हुए ही डॉ विकास शर्मा ने विज्ञान के प्रचार प्रसार के लिए काम करना शुरू किया, जिस पर उन्हें जिला विज्ञान क्लब का समन्वयक बना दिया गया। उन्होंने अपने कार्यकाल में कॉलेज को एनसीसी समेत कई विषयों की मान्यता दिलाई, जिसके चलते कॉलेज की छात्र संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई। डॉक्टर विजय शर्मा की इन्हीं सब सेवाओं के दृष्टिगत शिक्षक दिवस पर इस बार उन्हें महामहिम राज्यपाल से मिलने वाले पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। डॉ विजय की इस उपलब्धि के चलते कॉलेज कैंपस के साथ ही उनके परिवार व परिचितों में जश्न का माहौल है। रविवार को इस उपलब्धि पर डॉ विजय को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
ृ