फुगाना। फुगाना गांव के प्रधान जितेंद्र मलिक ग्रामीणों के साथ सोमवार सुबह बस अड्डे पर पहुंचे। मेरठ-करनाल हाईवे पर बस अड्डे के पास हाईवे के किनारे यज्ञ किया। जिसमें विधायक उमेश मलिक सहित गांव खेड़ामस्तान, करौदा महाजन, खरड़, कुरावा आदि के ग्रामीण भाग लेने पहुंचे। ग्राम प्रधान जितेंद्र मलिक ने बताया कि यज्ञ स्थल के पास 13 मई को एक बड़ा हादसा हो गया था। मेरठ की ओर से आए कैंटर ने बस की इंतजार में खडे़ दर्जनों यात्रियों को कुचल दिया था। इस घटना में आशु उर्फ एश कुमार (40), नरेंद्र (30) निवासी फुगाना तथा महिला रगबीरी (70) पत्नी सत्यपाल निवासी लांक, जिला शामली और रेशू उर्फ संतरेश पत्नी प्रवेश निवासी अलावलपुर माजरा सिसौली की मौत हो गई थी। इसी हादसे को लेकर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए महायज्ञ का आयोजन किया गया। सभी ग्रामीणों ने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की।