मिल से किसान का ट्रैक्टर चोरी, किसानों का हंगामा
रोहाना। गांव बिजोपुर थाना छपार निवासी सोनू उर्फ प्रदीप पुत्र दलमीर ट्रैक्टर ट्रॉली में गन्ना लेकर तुलवाने के लिए शुक्रवार को रात नौ बजे रोहाना मिल में पहुंचा। किसान ने टोकन कटवाकर यार्ड में ट्रैक्टर ट्रॉली खड़ी कर दी। शनिवार की सुबह चार बजे ट्रॉली से ट्रैक्टर गायब मिला। मिल मौजूद अन्य किसानों ने ट्रैक्टर चोरी होने की सूचना गन्ना प्रबंधक नरेश मलिक को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मिल में पहुंची। किसानों ने ट्रैक्टर चोरी होने की घटना के विरोध में हंगामा खड़ा कर दिया। किसान सहेंद्र ब्रह्मसिंह, मांगेराम, योगराज, राजकुमार, अजमेर, भीम सिंह, मैनपाल, अमरेश, बाबूराम ने मिल परिसर में हंगामा करते हुए मिल प्रबंधन से किसान को मुआवजा दिलाए जाने की मांग की। गन्ना प्रबंधक ने बताया कि किसान अपने ट्रैक्टर को छोडक़र चार घंटे तक गायब रहा। मिल का इसमें को दोष नहीं है। पुलिस चौकी प्रभारी विजय त्यागी ने बताया चोरी का मुकदमा दर्जकर चोरों की तलाश प्रारंभ कर दी है।