रालोद ने आंदोलन की चेतावनी दी
अमर उजाला ब्यूरो
मोरना। कस्बा भोकरहेड़ी के राशन डीलरों द्वारा राशन वितरण में धांधली, उपभोक्ताओं के साथ अभद्रता तथा टीम द्वारा जांच कार्रवाई सही नहीं करने के खिलाफ रालोद ने आंदोलन चलाने की चेतावनी दी है।
कस्बा भोकरहेड़ी के पांच राशन डीलरों द्वारा राशन वितरण में की जा रही अनियमितता व उपभोक्ताओं के साथ अभद्रता को लेकर रालोद के जिला उपाध्यक्ष सुमित सहरावत ने नगर पंचायत भोकरहेड़ी कार्यालय पर पूर्व में धरना दिया था, जहां पहुंचे जानसठ तहसील अधिकारियों ने जांच का आश्वासन दिया था। कुछ समय बाद जांच करने पहुंचे ब्लॉक मोरना के एडीओ घनश्याम व एडीओ सुभाषचंद ने अपनी रिपोर्ट में राशन डीलरों को क्लीनचिट दे दी। गुस्साए रालोद नेता ने मोरना ब्लॉक कार्यालय पर जाकर दोनों अधिकारियों पर साठगांठ करने का आरोप लगाया। सुमित सहरावत ने प्रदेश की योगी सरकार पर सबसे भ्रष्ट सरकार होने का आरोप लगाते हुए अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी। इस दौरान धर्मपाल सिंह, सोनू, बबलू, विनय चौधरी, शकील अहमद, जाहिद, इश्हाक, इब्राहीम, श्रीपाल, मदनपाल सिंह, वेदपाल आदि मौजूद रहे।