खतौली (मुजफ्फरनगर)। मीरपुर और खतौली मार्ग पर घने कोहरे में ट्रक से एक बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि साथी गंभीर रुप से घायल हो गया।
जानसठ के गांव दक्षिण घटायन निवासी सार्थक (23) पुत्र हरेंद्र अपने साथी गांव निवासी वंश पुत्र चंद्रपाल रविवार सुबह बाइक से खतौली आ रहे थे। मीरापुर और खतौली मार्ग पर गांव रसूलपुर कैलारा के पास घने कोहरे की वजह से सामने से आ रहे रोड़ी से भरे ट्रक से बाइक की जबरदस्त टक्कर हो गई। बाइक के टकराते ही सार्थक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वंश गंभीर रुप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। सार्थक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने मौके से ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। ट्रक चालक हादसे के बाद फरार हो गया था।