नई मंडी में भोपा ओवरब्रिज के पास गोवंश का शव मिलने से लोगों में आक्रोश फैल गया। हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने मौके पर पहुंच कर हंगामा किया। सीओ नई मंडी ने मौके पर जाकर लोगों को समझा बुझा कर शांत किया। बाद में गोवंश के शव को दफना दिया गया। इस संबंध में तहरीर भी पुलिस को दे दी गई है।
नई मंडी के भोपा ओवरब्रिज के पास मंगलवार सुबह एक गोवंश का शव पड़ा मिला। गोवंश को यहां पर पैरों में रस्सी बांध कर खींच कर कूडे़ के ढेर पर डाला गया था, जिसे देख कर लोगों में आक्रोश फैल गया। काफी लोगों की मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर भाजपा और हिंदू संगठनों से जुडे़ नेता भी मौके पर पहुंचे और घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए हंगामा कर दिया। सूचना पाकर नई मंडी पुलिस भी वहां आ गई। लोगों ने शव दिखाते हुए कार्रवाई की मांग। उनका कहना था कि अवैध कटान बंद नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। सीओ नई मंडी राजीव कुमार ने मौके पर पहुंच कर लोगों को समझा बुझा कर शांत किया। साथ ही इसकी जांच कराने का भी आश्वासन दिया। बाद में गोवंश के शव को दफना दिया गया। इस संबंध में नई मंडी इंस्पेक्टर कुशलपाल सिंह का कहना है घटनास्थल के पास ही रेलवे लाइन है, गोवंश के शव को देख कर लग रहा था कि शायद उसकी किसी ट्रेन की चपेट में आकर मौत हुई है, जिसे किसी ने वहां से खींच कर यहां लाकर कूडे के ढेर पर डाल दिया।पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।