ट्रैक्टर-ट्राली व बोलेरो की टक्कर, कई घायल
रतनपुरी/खतौली। गांव बड़सू के पास रविवार की देर रात को ट्रैक्टर-ट्राली और बोलेरो के बीच टक्कर हो गई। टक्कर लगने से बोलेरो सवार कई लोग घायल। रात में किसी अज्ञात व्यक्ति ने 100 नंबर पर सड़क हादसे में पांच लोगों के मरने की झूठी सूचना दे दी। मौके पर पहुंचने पर हकीकत का पता चलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।
रतनपुरी के गांव भनवाड़ा निवासी चालक कल्लू की बोलेरो में रविवार की देर रात को अपने गांव के सलीम, तसव्वर, मुजफ्फर, इमरान, महकार, कामिल, शाहरुख आदि के साथ दौराला मिल से मजदूरी करके लौट रहे थे। गांव बड़सू के निकट बोलेरो से भरी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई, जिसमें बोलेरो सवारों में चीख पुकार मच गई। चालक आजम, निवासी कल्याणपुर ट्रैक्टर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को अपने कब्जे में लेकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। थाने में दोनों पक्षों के लोग आपस में समझौता कराने में लगे हैं।