मंसूरपुर में रेलवे फाटक बंद कराया
मंसूरपुर। रेलवे फाटक के दोनों ओर बुधवार को दीवार करके आवागमन के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। बता दें कि डबल रेलवे लाइन को चालू करने के लिए पिछले कई महीने से मंसूरपुर रेलवे फाटक नंबर 48 को बंद करने की कवायद चल रही थी, लेकिन बार बार किसानों के विरोध के कारण रेलवे प्रशासन को बैकफुट पर आना पड़ता था। मंसूरपुर रेलवे फाटक पर संयुक्त रूप से उत्तर प्रदेश सेतु निगम तथा रेलवे विभाग द्वारा ओवरब्रिज का निर्माण करा दिया गया है। साथ ही छोटे वाहन गुजरने के लिए अंडरपास भी बना दिया गया है। पिछले कई महीने से रेलवे विभाग फाटक को बंद करने की कोशिश कर रहा था। विभाग का कहना था कि जब तक रेलवे फाटक बंद नहीं होगा, तब तक डबल रेलवे ट्रैक चालू नहीं हो सकेगा। क्षेत्र के किसान रेलवे फाटक को बंद करने को यह कहकर बार बार विरोध कर रहे थे कि ओवरब्रिज के ऊपर से तथा अंडरपास के अंदर से गन्नों से भरी भैंसा बुग्गी शुगर मिल में ले जाने में किसानों को समस्या आएगी। कई बार किसानों ने इसके विरोध में रेलवे ट्रैक भी जाम किया तथा प्लेटफार्म पर धरना प्रदर्शन किया। सांसद डॉ. संजीव बालियान को भी धरने में किसानों के बीच आना पड़ा था। क्षेत्र के अधिकतर किसान तथा जिला प्रशासन भी यह चाहता था कि मौजूदा गन्ना पेराई सीजन तक रेलवे फाटक को बंद न किया जाए। अब गन्ना पेराई सीजन अपने अंतिम दौर में है। रेलवे विभाग द्वारा फाटक बंद करा दिया गया है। ट्रैक्टर ट्रॉली में गन्ना लाने वाले किसान ओवरब्रिज के ऊपर से आ रहे हैं तथा भैंसा बुग्गी में गन्ना लेकर आने वाले किसान अंडरपास से आ रहे हैं। मंसूरपुर थाना प्रभारी संजीव कुमार का कहना है कि बिना किसी विरोध के बुधवार को रेलवे फाटक के दोनों ओर दीवार कर पूरी तरह से फाटक को बंद करा दिया गया है।