मेडिकल कालेज के विद्यार्थियों का धरना-प्रदर्शन
मंसूरपुर। बेगराजपुर मेडिकल कालेज में नर्सिंग कर रहे छात्र-छात्राओं ने मेडिकल प्रशासन पर बेवजह परेशान करने के आरोप लगाते हुए कालेज का गेट बंद करके धरना प्रदर्शन किया। छात्र -छात्राओं ने एक सुर में मेडिकल की प्रधानाचार्या को हटाने की मांग रखी। बाद में सीएमएस के समझाने पर मामला शांत हुआ।
मंगलवार को सुबह करीब 9 बजे मेडिकल कालेज में अध्ययनरत नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने मेडिकल कालेज का मुख्य द्वार बंद करके धरना प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी प्रारंभ कर दी। धरना प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का कहना था कालेज प्रशासन जानबूझकर उनको परेशान कर रहा है। उन्होंने कहा कि अगर कोई छात्र छात्रा अपनी जेब से मोबाइल तक निकालती है, तो उन पर पांच सौ रुपये का फाइन लगा दिया जाता है। इस तरह के ऐसे अनेक मामले हैं, जिन पर जबरन फाइन लगाकर पैसे वसूल किए जाते हैं। इसको लेकर छात्र छात्राओं में आक्रोश व्याप्त है। इस मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी संजीव कुमार की मौजूदगी में कालेज के सीएमएस डॉक्टर बीआर शर्मा ने छात्र-छात्राओं को समझाया। कहा कि हम प्रधानाचार्या से बात करेंगे और आपकी समस्या का समाधान किया जाएगा। इस आश्वासन पर मामला शांत हुआ और छात्र-छात्राओं ने धरना समाप्त किया।