शहीद सैनिकों के परिजनों को भेजी 50 हजार की आर्थिक सहायता
देवबंद। पुलवामा आतंकी हमले में शहीद सीआरपीएफ के जवानों के परिजनों को आर्थिक सहायता पहुंचाने के लिए देवबंद उत्तर प्रदेश सिख फोरम ने भी पचास हजार रुपये की धनराशि एकत्र कर प्रधानमंत्री राहत कोष में जमा कराई है।
सोमवार को रेलवे रोड स्थित कार्यालय पर बैठक में फोरम के चेयरमैन मनमोहन सिंह ने कहा कि पाकिस्तानी समर्थित जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादियों ने पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों की बस को निशाना बनाकर जो कायराना काम किया है उसकी जितनी निंदा की जाए वह कम है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के कारण आए दिन हमारे सैनिक शहीद हो रहे हैं। सरकार को आतंकवाद के खिलाफ कड़े कदम उठाने चाहिए। महासचिव इंद्रपाल सिंह सेठी ने कहा कि पाकिस्तान झूठा और धोखेबाज मुल्क है, वह कभी नहीं सुधर सकता। एयरफोर्स के जवानों ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर बमबारी कर पूरे देश का मान बढ़ाया है। इस दौरान सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। बाद में 50 हजार रुपये का ड्राफ्ट प्रधानमंत्री राहत कोष में जमा कराया। इस मौके पर दलजीत सिंह कोचर, हरमिंदर सिंह कपूर, जसवंत सिंह बतरा, कुलदीप कुमार, बालेंद्र सिंह, अरविंदर सिंह कपूर, गुरजोत सिंह सेठी आदि मौजूद रहे।