भौराकलां। गांव मोहम्मदपुर मॉडर्न में रविवार को आयोजित किसान पंचायत में शुगर मिलों के बकाया गन्ना भुगतान व बिजली बिलों के मुद्दे पर चर्चा की गई। इसमें भाकियू नेता गौरव टिकैत ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर किसान-मजदूर विरोधी होने का आरोप लगाया। रविवार को आयोजित पंचायत में गौरव टिकैत ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों और मजदूरों का शोषण कर रही हैं। उन्होंने कहा कि किसानों व मजदूरों के शोषण के विरोध में 23 सितंबर से पैदल यात्रा शुरू की जाएगी, जिसमें लाखों किसान दो अक्टूबर को दिल्ली पहुंचकर सरकार से अपना हक मांगेंगे। युवा मंडल अध्यक्ष धीरज लाटियान ने कहा कि सोमवार को तितावी मिल पर गन्ना भुगतान के संबंध में मिल प्रबंधन से दो-टूक बात की जाएगी। इसके बाद दिल्ली पदयात्रा आंदोलन की रणनीति बनाने के लिए आगामी 21 अगस्त को सिसौली के किसान भवन में पंचायत की जाएगी। मास्टर वेदपाल, धर्मवीर सिंह, बबलू, रणबीर, जसवीर दीवान, वीरसेन व इंद्रपाल प्रधान मौजूद रहे।