खतौली। घटतौली का पैसा तथा गन्ने का बकाया भुगतान ब्याज सहित देने की मांग को लेकर किसानों को त्रिवेणी शुगर मिल के गेट पर बेमियादी धरना जारी रहा। धरने पर पांच किसान क्रमिक अनशन पर बैठे। भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में किसान सुक्के, भुलेराम, चौधरी इकबाल, सतेंद्र सिंह व प्रमोद क्रमिक अनशन पर बैठे। सहकारी गन्ना विकास समिति के चेयरमैन ओमवीर सिंह ने कहा कि किसानों का शोषण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों की मांगों को लेकर मिल गेट पर लगातार धरना जारी रहेगा। 15 जुलाई को मिल गेट पर किसानों की महापंचायत होगी। इसमें मिल प्रशासन से आरपार की लड़ाई लड़ने का ऐलान किया जाएगा। धरने पर चौधरी उदयवीर सिंह, जयप्रकाश शास्त्री, बाबूराम गुर्जर, सुमित गुर्जर, प्रमोद अहलावत, बोबिंद्र मीरापुर, प्रवेश उर्फ लटूरा, प्रशांत, पप्पू, बबली आदि मौजूद रहे।