युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की
मोरना। गांव भेड़ाहेड़ी में शुक्रवार की रात में युवक ने मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार की सुबह परिजनों ने कुंडा तोड़कर छत से शव को नीचे उतारा। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोरना पुलिस चौकी प्रभारी तेजसिंह यादव को प्रधान संजीव यादव ने फोन करके बताया कि गांव निवासी 25 वर्षीय मोहनवीर उर्फ मोनू पुत्र नत्थू प्रजापति ने शुक्रवार की रात में अपने मकान की द्वितीय मंजिल के कमरे में साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को जांच पड़ताल करने पर पता चला कि युवक शुक्रवार की देर रात शराब पीकर घर आया था। उसने अपनी पत्नी राखी से कमरे का दरवाजा खोलने को कहा। पत्नी के दरवाजा नहीं खोलने पर उसने द्वितीय मंजिल के कमरे में पहुंचकर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों ने बताया कि युवक मोहनवीर मजदूर था। ढाई वर्ष पूर्व जानसठ के गांव तालड़ा निवासी राखी के साथ उसकी शादी हुई थी। राखी को एक माह को पुत्र भी है। पत्नी राखी व भाई प्रवेंद्र, सोनू और अंकुर का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।