जानसठ। गांव कवाल में घर के बाहर खेल रही बच्ची पर कुत्तों ने हमला कर घायल कर दिया। बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े। ग्रामीणों ने कुत्तों से बच्ची की जान बचाई। बच्ची को सीएचएसी में भर्ती कराया गया है।
शुक्रवार को गांव कवाल निवासी ऋषिपाल की 10 वर्षीय पुत्री मनीषा घर के बाहर खेल रही थी। उसी दौरान गांव में घूम रहे कई आवारा कुत्तों ने बच्ची पर हमला कर दिया। कुत्तों द्वारा बच्ची को नोंचने पर वह चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर ग्रामीण उसको बचाने के लिए दौड़े। बच्ची के चेहरे और सिर में कई घाव हो गए। जिससे बच्ची लहूलुुहान हो गई। ग्रामीणों ने कुत्तों को बड़ी मुश्किल से भगाया और मनीषा की जान बचाई। परिजनों ने बच्ची को सीएचसी में भर्ती कराया। सीएचसी के डॉ. अजय चौधरी ने बताया कि बच्ची के सिर, चेहरे व पीठ पर कई जख्म हैं। जिससे बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। बच्ची को एंटीरेबीज इंजेक्शन लगा दिए गए हैं। सीएससी प्रभारी डॉ. नदीम बताया कि गर्मियों के मौसम में कुत्ते काटने के मरीज अधिक आ रहे हैं। पिछले महीने एक हजार लोगों को एंटीरेबीज इंजेक्शन लगाए गए हैं। सीएचसी पर पहले से ही एंटीरेबीज के इंजेक्शन की किल्लत रहती है, ऐसे में मरीजों की संख्या बढने से सीएचसी पर मारामारी रहती है।
शुक्रताल में साधु की मौत
मोरना। शुक्रताल में गंगाघाट पर रहने वाले अज्ञात साधु की बृहस्पतिवार की देर रात मौत हो गई। साधु गंगा घाट पर रहकर भिक्षा मांगकर अपनी आजीविका चलाता था तथा कुछ दिन से बीमार चल रहा था। शुक्रताल चौकी प्रभारी चन्द्रसैन सैनी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।