खतौली। तहसील बार संघ एसोसिएशन की वर्ष 2018 कार्यकारिणी के चुनाव में सोमवार को नामांकन पत्रों की बिक्री और जमा किए जाने की प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन छह प्रत्याशियों ने विभिन्न पदों पर अपना नामांकन पत्र जमा कराया।
ऐल्डर कमेटी के चेयरमैन अशोक अहलावत, सदस्य राजवीर सिंह, सतप्रकाश सैनी, सतसिंह ने बताया कि सोमवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू की गई। पहले दिन 13 नामांकन पत्रों की बिक्री की गई। जिसमें महासचिव पद पर नवीन कुमार गौतम, राजेश कुमार ने, उपाध्यक्ष में अमित त्यागी, रामकुमार ने, सहसचिव पद पर मोहम्मद अरशद तथा कनिष्ठ सदस्य पद पर हरि निवास ने नामांकन पत्र जमा कराए। मंगलवार को भी नामांकन पत्रों की बिक्री तथा जमा कराने की प्रक्रिया होगी। 28 मार्च को जांच 10 से 12 बजे तथा आपत्ति और उसका निस्तारण दोपहर 2.15 से तीन बजे तक होगा। इसी दिन अंतिम उम्मीदवारों के नाम का प्रकाशन 3.30 बजे तक होगा। संभव हुआ तो पांच अप्रैल को मतदान होगा तथा इसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा।