मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन ने ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई करने और आबादी में चल रहे उद्योगों को बाहर करने सहित अन्य जनसमस्याओं के निराकरण की मांग करते हुए कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया।
भाकियू के प्रदेश महासचिव संजीव तोमर के नेतृत्व में किसानों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन डीएम को सौंपा। इसमें भाकियू ने किसानों की बेटियों की शादी के लिए सहायता राशि देने, आबादी में चल रहे उद्योग-धंधों को आबादी से दूर करने, ब्लड बैंक की जांच कराने और खून के कारोबार पर रोक लगाने, आवारा पशुओं से फसल को बचाने, प्रत्येक पंचायत मुख्यालय पर गोशाला खोलने, विद्युत दरों में वृद्धि को कम करने, ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई करने, गन्ने का भुगतान जल्द कराने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में योगेंद्र राठी, राम सिंह गौतम, राजवीर चौधरी, शाह आलम, अखिलेश चौधरी, सोनू मित्तल, सचिन चौधरी, अनिल, जमीर अहमद, नईम अंसारी, अशोक वर्मा, अमित धीमान, संदीप मीडिया, अमित त्यागी, विनय भारद्वाज, रविंद्र मेहरा, अनीस राणा, प्रहलाद, कुलदीप, विजय राठी, प्रवीण राठी, समीन राणा, शहबाज राणा, समीर त्यागी, गुड्डू खान, श्रवण त्यागी मौजूूद रहे।