चरथावल (मुजफ्फरनगर)।
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद डॉ. सजीव बालियान ने कहा कि लुहारी खुर्द का दोहरा हत्याकांड जिले का सबसे निंदनीय अपराध है। उन्होंने पीड़ित परिवार के घर जाकर शोक संवेदना जताई। परिवार से कहा कि वह डरें नहीं, गुनहगारों को पकड़वाने के लिए पुलिस की मदद करें। सांसद ने अंबेडकर फाउंडेशन से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने की घोषणा की।
शुक्रवार को सांसद बालियान भाजपा नेताओं के साथ लुहारी खुर्द स्थित मेहरपाल के घर पहुंचे। कहा कि कातिलों ने बच्चे और उसकी मौसी को जिस तरीके से मौत दी है, वह बेहद निंदनीय है। सांसद ने मृतका प्राची के पिता, मां रामप्यारी और उसके तीनों भाइयों से अलग-अलग बातचीत कर घटना के हर बिंदुओं को जाना। पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वह डरें नहीं, बल्कि हत्याकांड के खुलासे में पुलिस का सहयोग करें। परिवार के सहयोग से ही गुनहगारों को सजा मिलेगी।
उन्होंने मृतका के भाई को अपना मोबाइल नंबर देकर कहा कि किसी भी वक्त उनसे संपर्क कर सकते हैं। मौके पर सांसद ने घटना के बारे में एसएचओ जीसी शर्मा के अलावा आला अफसरों से बातचीत कर खुलासा करने के निर्देश दिए। पूर्व जिलाध्यक्ष सतपाल पाल, विजय सैनी, जिला पंचायत सदस्य अजित सिंह, राजपाल त्यागी, मनीष गर्ग, अजय वर्मा, मंडल उपाध्यक्ष संजय सैनी, अर्पित भारद्वाज मौजूद रहे। उधर, घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। थाना पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच और बीटीएस की टीम घटना के खुलासे के लिए जुटी हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि खुलासे के लिए उन्हें सही लाइन मिल रही है। अपराधियों को शीघ्र पकड़ लिया जाएगा।