जानसठ (मुजफ्फरनगर)। खादर क्षेत्र में सैकड़ों बीघा भूमि पर हुए पट्टे निरस्त होने के बाद भी राजस्व कर्मियों ने कुछ लोगों के राजस्व अभिलेख से उनके नाम खारिज नहीं किए हैं। एसडीएम को मामले की जानकारी होने पर उन्होंने टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
तहसील क्षेत्र के खादर क्षेत्र में हजारों बीघा सरकारी भूमि को भूमाफियाओं के कब्जे से अभियान चलाकर मुक्त कराया गया था। खादर क्षेत्र के थाना रामराज स्थित गांव छिलौर में हजारों बीघा भूमि पर अवैध तरीके से राजस्व कर्मियों ने पट्टे कर दिए थे, उसी गांव में हरियाणा के धरौन्डा निवासी वीरेंद्र पुत्र जय भगवान ने अपने परिजनों के नाम लगभग एक हजार बीघा जमीन बैनामे से खरीदी थी। जबकि हजार बीघा जमीन में से 650 बीघा जमीन पर ही पीड़ित को कब्जा मिल पाया है। पीड़ित प्रधान वीरेंद्र सिंह ने बुधवार को एसडीएम से शिकायत की। बताया कि तहसील के राजस्व कर्मियों ने 132 लैंड की भूमि पर राजस्व कर्मियों ने मिलीभगत कर पट्टे काट कर भूमाफिया को कब्जा करा दिया था। वीरेंद्र ने इनके नाम एसडीएम कोर्ट में वाद दायर कर मामले का खुलासा किया। एसडीएम ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि मामला अब संज्ञान में आया है, उन्होंने राजस्व टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।