मुजफ्फरनगर। जिला महिला अस्पताल में आयोजित गोष्ठी में शारीरिक और मानसिक के अलावा सामाजिक स्वास्थ्य पर भी जोर देने का आह्वान किया गया। कहा गया कि मरीजों में बीमारियों को लेकर डर न पैदा करें। उन्हें समाधान सुझाएं और स्वस्थ जिंदगी जीने के लिए प्रेरित करें।
रविवार को जिला महिला अस्पताल में आयोजित गोष्ठी में सीएमएस डॉक्टर अमिता गर्ग ने कहा कि इस बार विश्व स्वास्थ्य दिवस की थीम हेल्थ केयर फोर ऑल है। उन्होंने चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मचारियों से कहा कि बीमारी को लेकर मरीजों में भय न पैदा करें। कोई मरीज आता है तो उसे गुमराह न किया जाए। अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट देखकर भयभीत न करें। अक्सर देखा गया है कि अल्ट्रासाउंड के आधार पर बीमारी को तिल का ताड़ बनाकर पेश किया जाता है। ऐसा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मरीजों के केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर ही ध्यान न दें बल्कि सामाजिक स्वास्थ्य पर भी गौर करें। उन्हें समाज में खुशी के साथ रहने के लिए प्रेरित करें, ताकि वे संयमित जीवन बिता सकें। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत अपने आसपास साफ-सफाई रखने पर जोर दिया गया। गोष्ठी में डॉ. अमृत भांबे, अनुपमा, रेनू लूथरा और अस्पताल की स्टाफ मौजूद रहा।