राशन की दुकान बदलने के लिए महिलाओं का प्रदर्शन
जानसठ। राशन डीलर की दुकान बदलने को लेकर महिलाओं ने तहसील में प्रदर्शन किया। महिलाओं ने पुराने राशन डीलर की दुकान से ही राशन वितरण कराने की मांग की।
मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस में कस्बे की महिलाओं ने प्रदर्शन करते हुए एडीएम वित्त आलोक कुमार को बताया कि उनके मोहल्ले को राशन डीलर चंद्र देवी की दुकान पर राशन मिलता था। पूर्ति विभाग ने उनके मोहल्ले को चंद्रो देवी की दुकान से हटाकर उनके मोहल्ले से करीब एक किलोमीटर दूर शमशुजमां कुरैशी राशन डीलर की दुकान पर लगा दिया है। उन्हें राशन लेने के लिए एक किलोमीटर दूर जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। एडीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को जनता की समस्या को देखते हुए तुरंत कार्रवाई कर समस्या का समाधान करने के आदेश दिए। प्रदर्शनकारियों में मोमीना, शाहजहां, सपना, जरीना, मुमताज, हमीदा, तमन्ना, शाइस्ता, गुलशन आदि शामिल रहीं।