आप ने प्रदर्शन की चेतावनी दी
खतौली। आप पार्टी की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पार्टी राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह सहित पार्टी के नेताओं पर दर्ज किए मुकदमे वापस नहीं लेने पर प्रशासन के खिलाफ 23 जनवरी को अयोध्या में सिविल लाइन स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष अपने साथियों सहित धरना प्रदर्शन करते हुए गिरफ्तारी देंगे।
बैठक में आप के जिलाध्यक्ष अरविंद बालियान ने भाजपा सरकार काशी की धार्मिक नगरी वाली पहचान को विश्वनाथ कॉरिडोर के नाम पर मिटाना चाहती है। उन्होंने कहा कि विश्वनाथ कॉरिडोर के नाम पर कई प्राचीन मंदिर तोड़े जा रहे हैं। इस मुद्दे पर आप के सांसद संजय सिंह ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर मंदिरों को तोड़ने पर रोक लगाने तथा टूटे मंदिरों को फिर से बनवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मंदिरों को तोड़े जाने के खिलाफ अभियान चलाया तो योगी सरकार के इशारे पर सांसद व 250 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। खतौली विधानसभा क्षेत्र के संयोजक कुलदीप तोमर ने कहा कि भाजपा हिंदुवादी होने की बात करती है, वह मंदिरों को तोड़ रही है। बैठक में राज सिंह छोकर, वरुण शर्मा, रोशन लाल, जावेद अली, आकाश लोधा, संजीव लोधा, विशाल राय, रवि कुमार, अनूप राय, विनोद कुमार, सुशील अहलावत, सौरभ सहरावत आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता डा. मुसर्रत नबी और संचालन कुलदीप तोमर ने किया।