सांसद और विधायक ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी
चरथावल। गांव न्यामू में ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से पिता-पुत्र की मौत होने के बाद सांसद डॉ संजीव बालियान व विधायक विजय कश्यप ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने पीड़ित परिजनों को मुख्यमंत्री सर्वहित किसान दुर्घटना बीमा के तहत पांच लाख रुपये और पारिवारिक लाभ योजना के तहत 30 हजार रुपये दिलाने का आश्वासन दिया। जिला पंचायत सदस्य राकेश वशिष्ठ ने भी परिजनों को ढांढस बंधाया।
हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल
छपार। उत्तराखंड के जनपद हरिद्वार के थाना मंगलौर क्षेत्र के गांव गुरुकुल नारसन निवासी हरेंद्र सिंह अपने साथी आदेश राठी के साथ बाइक पर रविवार को किसी काम से मुजफ्फरनगर आया था। यहां से लौटते समय देर रात हाईवे पर बिजोपुरा चौराहे के निकट पीछे से आए किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया।
छात्राओं को लगाए टीके
तितावी। कस्बे के पीटी उषा कन्या इंटर कॉलेज में सोमवार को छात्राओं को खसरा व रुबेला के टीके लगाए गए। कॉलेज की प्रधानाचार्या उषा सिंह, तितावी के उपचिकित्सालय में कार्यरत डॉ दुलारी देवी मौजूद रहीं।