कार्रवाई की मांग
मोरना। गंगा सेवा समिति शुकतीर्थ के महामंत्री महकार सिंह ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर गंगा में दूषित तथा विषैला पानी आने को लेकर कार्रवाई की मांग की है।
विगत कई दिनों से शुकतीर्थ गंगा में काले रंग का विषैला पानी आ रहा है, जिसके प्रभाव से जलीय जंतु मर रहे हैं। पानी में मर रही मछलियों से दुर्गंध आनी प्रारंभ हो गई है। गंगाघाट पर श्रद्धालु बिना स्नान किए ही लौट रहे हैं। प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि लक्सर आदि में लगने वाली फैक्ट्रियों से केमिकल युक्त पानी आ रहा है। महकार सिंह ने प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस से कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा
मोरना। पुलिस ने दस जुआरियों सहित दो शराब माफिया के साथ एक आरोपी को चाकू के साथ गिरप्तार कर जेल भेजा। ककरौली थाना प्रभारी जितेंद्र अंबावत ने बताया कि मुखबिर की सूचना मिलने पर पुलिस ने शनिवार की रात को छापा मारकर गांव टंढेड़ा के सरकारी स्कूल में जुआ खेलते हुए गोपीचंद, राजपाल, सुभाष, सचिन, लवकुश, चेतन आदि को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने 2900 रुपये व ताश की गड्डी बरामद की। वहीं, बेहड़ा सादात में जुआ खेल रहे जानी, सोमवीर, सुशील शहनवाज को पकड़ा। गांव भुवापुर दरियाबाद मार्ग पर अवैध शराब के 25 पव्वों के साथ राणा प्रताप व कुवंरपाल निवासी भुवापुर को गिरफ्तार किया। रामलीला के मंचन के दौरान गांव भुवापुर में उत्पात मचा रहे संदीप चौहान को चाकू के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा।