मुजफ्फरनगर। करीब एक माह पूर्व रेलवे स्टेशन पर लावारिस मिली मासूम बच्ची को सुजड़ू निवासी उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। रेलवे स्टेशन पर करीब एक माह पूर्व एक बच्ची लावारिस मिली थी। पूछताछ में बच्ची अपना नाम बार बार बदलते हुए सुगरा उर्फ बुशरा उर्फ गंगा बता रही थी। बच्ची की शिनाख्त नहीं हो पाने के चलते उसे पुलिस ने बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया गया। इसके बाद उसे आदर्श कॉलोनी स्थित आदर्श बाल गृह शिशु कल्याण समिति को सौंप दिया गया। जिला बाल संरक्षण इकाई से जुड़ी समाज सेविकाओं मीना त्यागी व बिलकिस जहां ने काफी मशक्कत के बाद आखिरकार बच्ची के परिजनों को खोज निकाला। मीना त्यागी के अनुुसार, सुजड़ू की गेटवे चौकी पुलिस ने बच्ची का फोटो देखकर उसकी शिनाख्त करते हुए उसे सुजड़ू निवासी महबूब की लापता बेटी बताया, जिसकी गुमशुदगी भी थाने में दर्ज है। परिजनों की शिनाख्त के बाद मासूम बच्ची को बृहस्पतिवार को उसकी मां खतीजा व पिता महबूब को सौंप दिया गया। इस दौरान आदर्श बाल गृह शिशु कल्याण की अधीक्षिका रेनू रानी व व्यवस्थापिका मिथलेश शर्मा भी मौजूद रहीं।