मुजफ्फरनगर। शहर से सटे गांव खांजापुर में बने 500 कांशीराम आवास का इसी माह आवंटन होगा। मकान के लिए आवेदन करने की तिथि डूडा ने दस मई तक कर दी है। आवेदन के बाद एक सप्ताह में जांच प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। शहर के जिन लोगों के पास अपने मकान नहीं है, किराये पर रहे हैं और शहर के ही मूल निवासी है, ऐसे लोगों को कांशीराम आवास में सहारा मिलेगा। डूडा ने ऐसे लोगों से आवेदन लेकर जांच कराई थी, लेकिन 500 मकान के मुकाबले पात्र कम पाये गये। इसे देखते हुए डूडा ने अब फिर से आवेदन का मौका लोगों को दिया है। 10 मई तक आवेदन मांगे गये हैं। डूडा के परियोजना अधिकारी धन प्रकाश ने बताया कि दस मई के बाद पालिका के माध्यम से पात्रों की जांच कराई जाएगी। इसी माह पात्रों को मकान आवंटित किए जा सकते हैं। डीएम राजीव शर्मा योजना को लेकर गंभीर हैं। मकान आवंटन को लेकर जल्द ही समारोह होगा।