मुजफ्फरनगर। नगर में श्री महामाई माता की भव्य शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। श्रद्धालुओं ने माता का गुणगान किया और भजनों की धुन पर जमकर झूमे।
नगर के चुंगी नंबर दो पर स्थित श्री महामाई माता की भव्य शोभायात्रा का आयोजन खटीक समाज के द्वारा किया गया। मंदिर परिसर से श्री महामाई माता की शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। पूजा-अर्चना के उपरांत प्रारंभ हुई शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गो से होकर निकली। बकरा मार्केट, नावल्टी चौराहा, मेरठ रोड, शिव चौक, भगत सिंह रोड, हनुमान मंदिर चौक, आबकारी रोड, चुंगी नंबर दो के रास्ते मंदिर पर पहुंचकर समाप्त हुई। शोभायात्रा में श्री माता महामाई भव्य रथ पर सवार थी। मंदिर कमेटी के पदाधिकारी रास्ते में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करते हुए चल रहे थे। इसके अलावा कई बैंड और सुंदर झांकियों ने लोगों का मन मोहा। भक्तजन माता का गुणगान कर झूमते नाचते हुए चल रहे थे। सुरक्षा के लिए शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार कपरवान और आबकारी चौकी इंचार्ज एसआई राजेंद्र वशिष्ठ मय फोर्स के साथ रहे।