31 सैंपल में 9 में स्वाइन फ्लू, 3 की हो चुकी मौत
मुजफ्फरनगर। जिले में स्वाइन फ्लू ने पूरी तरह से पैर पसार दिए हैं। एक सप्ताह के भीतर अस्पताल से 31 लोगों के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए, जिनमें से 9 लोगों में फ्लू वायरस की पुष्टि हुई है। इससे स्वास्थ्य महकमे में खलबली मच गई है। साथ ही बरसात के कारण नदियों का पानी गांवों तक पहुंचने से विभाग की नींद हराम हो गई है।
जिले में स्वाइन फ्लू ने कहर ढहाना शुरू कर दिया है। खतौली में ढाई साल के उबैद और अंकुर कुमार की स्वाइन फ्लू से मौत हो चुकी है। इनसे पहले शाहपुर क्षेत्र में युवक नवीनदास की स्वाइन फ्लू जान ले चुका है। लगातार पैर पसार रहे स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग हैरान है। खादर क्षेत्रों के गांवों में इसके लक्ष्ण अधिक देखे जा रहे हैं। बीते एक सप्ताह में बुखार से पीड़ितों की ब्लड की जांच की गई, जिनमें से 31 के ब्लड सैंपल को मेरठ मेडिकल कालेज की लैब में जांच के लिए भेजा गया। बृहस्पतिवार को आई रिपोर्ट में नौ लोग स्वाइन फ्लू के वॉयरस की चपेट में है। अब इन मरीजों को लेकर विभाग अलर्ट हो गया है। इनके परिजनों को मरीज के खाने-पीने के बर्तनों के साथ एक ही कमरे में रहकर उपचार कराए जाने की हिदायत दी है। स्वाइन फ्लू की आशंका को लेकर छह मरीजों के ब्लड सैंपल के लिए और भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट शनिवार तक आएगी। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ अलका सिंह ने बताया कि स्वाइन फ्लू के कई मरीज सामने आए हैं, जिनको लेकर अलर्ट किया गया है। मरीजों के इलाज के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
अस्पताल में बनेगा अलग से वार्ड
मुजफ्फरनगर। स्वाइन फ्लू के बढ़ते मरीजों को लेकर जिला चिकित्सालय में अलर्ट किया गया है। अस्पताल में फ्लू के मरीजों के लिए अलग से वार्ड बनाया जाएगा, ताकि इसका वॉयरस अन्य मरीजों में न फैल सके। साथ ही दवाईयों को लेकर भी शासन को डिमांड भेजी गई है।