नीले घोड़े की जय, बागड़ वाले की जय
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। अटूट श्रद्धा और विश्वास की प्रतीक दूधली म्हाड़ी पर आस्था का सैलाब उमड़ा। राजस्थान के बाद मान्यता वाली म्हाड़ी पर कई प्रांतों के काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पवित्र निशान और छड़ी चढ़ाकर मत्था टेका। दूधली के अलावा आसपास का इलाका गांव जाहरवीर गोगा की भक्ति में सरोबार नजर आ रहा है।
तीन दिवसीय मेले में दूधली गांव में बुधवार को भारतीय संस्कृति और परंपराओं का दर्शन हुआ। सांप्रदायिक सौहार्द के प्रतीक म्हाड़ी मेले का जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन ठाकुर अशोक सिंह, विधायक विजय कश्यप की पत्नी सपना कश्यप और बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ईश्वर चंद्रा और ने संयुक्त रूप से म्हाड़ी के कपाट खोलकर शुभारंभ किया। प्रदेश के अलावा उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली के श्रद्धालुओं का तांता लगा। मन्नतें पूरी होने पर कोई पैदल, तो कोई लेटकर भक्तगण माढ़ी पर दर्शन कर रहा है।
बिरालसी से दूधली तक पांच किलोमीटर मार्ग पर वाहन, घोड़ा बुग्गी एवं ट्रैक्टर ट्रालियों की लंबी लाइन लगी रही। बाबा के दरबार में कोई आम हो या खास हर कोई बिना भेदभाव के दर्शन को पहुंच रहा है। ‘नीले घोड़े की जय, बागड़ वाले की जय’ के उद्घोष से पूरा इलाका गोगा की भक्ति मेें डूबा नजर आया। हर घर में उत्सव सा नजारा है। भाजपा नेता रामभूल सिंह, विकास आर्य, सोनू पुंडीर, मनोज सिंह, सुरेंद्र कश्यप, पंकज सिंह, सुभाष राणा, इसम सिंह, मुकेश आर्य, राकेश पुंडीर और आदेश कुमार का सहयोग रहा।
भारी पुलिस बल रहा तैनात
चरथावल। हर साल लाखों की तादात में श्रद्धालुओं का तांता लगता है। थाना प्रभारी डीके सिंह और तमाम पुलिस चौकियों के स्टाफ केे अलावा जिले से भारी फोर्स बुलाया गया। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को पापड़ बेलने पड़े। कई दर्जन महिला कांस्टेबल और रिजर्व फोर्स ड्यूटी में तैनात रहा। मेले में गांव के कमेटी के युवाओं की टोली भीड़ को संभालने में जुटी रही
रंग बिरंगे झूले बच्चों का बने आकर्षण
चरथावल। मेले में बच्चों के लिए कई खिलौनों की आकृति में लगे रंग बिरंगे झूलों पर लुत्फ उठाया। इसके अलावा काला जादू, मिनी सर्कस, झूले और मौत के कुएं ने ग्रामीणों का भरपूर मनोरजंन किया। कई श्रद्धालु मन्नत पूरी होने पर परिजनों के साथ लेटकर निशान चढ़ाने पहुंचें। हरियाणा के करनाल और यमुनानगर के काफी तादात में लोग कई वर्षों से म्हाढ़ी दर्शन को आ रहे हैं।