सर्पदंश से सपा नेता के पिता की मौत
जानसठ। गांव तालड़ा निवासी सपा नेता हारुन खान के पिता नसीब खां खेतों पर पशुओं के लिए चारा लेने गए थे। इसी दौरान उन्हें सांप ने काट लिया। परिजनों उन्हें कस्बे के एक चिकित्सक के यहां भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत के चलते उन्हें मेरठ के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में शव को सुपुर्द ए खाक किया गया। इस दौरान चेयरमैन प्रवेंद्र भड़ाना, अब्दुल्ला कुरैशी, ब्लाक प्रमुख योगेश गुर्जर, बाबर अंसारी, सरदार अजीत सिंह, डॉक्टर आबिद, रतन प्रधान तालड़ा, महेंद्र, जिला पंचायत सदस्य सुब्हानी, बबलू प्रधान, अरशद खान, आमिर खान आदि पीड़ित परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे।
गन्ना क्रय केंद्र के टेंट में आग लगी
रतनपुरी। गांव सठेड़ी में गन्ना तौल केंद्र पर चौकीदार के टेंट में आग लग गई। आग से काफी सामान जल गया। खतौली शुगर मिल के सुपरवाइजर कपिल कुमार ने बताया कि गांव सठेड़ी में पेट्रोल पंप के पास शुगर मिल का गन्ना तौल केंद्र स्थित है। यहां पर सतीश कुमार चौकीदार के रूप में तैनात है। वह तौल केंद्र पर ही टेंट लगाकर रहता है। रविवार की देर रात अज्ञात कारणों से टेंट में आग लग गई। आग लगने के कारण टेंट के अंदर रखा हुआ लकड़ी का तख्त, बिस्तर आदि सामान जल गया। तौल केंद्र से संबंधित जरूरी कागजात संदूक में बंद होने के कारण सुरक्षित बच गए। तौल केंद्र के चौकीदार सतीश कुमार ने आग लगने की सूचना तत्काल शुगर मिल के अधिकारियों को दी। आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। मिल के सुपरवाइजर कपिल कुमार ने घटना के संबंध में थाने पर तहरीर दी है।