विकास कार्यों की जांच कराने की मांग
खतौली। गांव रतनपुरी क्षेत्र के गांव अंबरपुर मंथेड़ी के ग्रामीणों व ग्राम पंचायत सदस्यों ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर प्रधान के द्वारा कराए गए विकास कार्यों की जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि प्रधान ने गांव में विकास कार्यों व शौचालय निर्माण को फर्जी दिखाकर सरकारी धन का गबन किया है। रतनपुरी क्षेत्र के गांव अंबरपुर मथेड़ी के ग्राम पंचायत सदस्य सुनील कुमार पुत्र सोनाथ सिंह, ललित कुमार, लक्ष्मण सिंह, रेशमा, पवन कुमार, सागर व ग्रामीणों ने पिछले वर्ष एक दिसंबर को विकास कार्यों की जांच कराने की मांग को लेकर डीएम को शिकायती पत्र दिया था। डीएम की ओर से जांच टीम गठित की गई थी। जांच टीम के अधिकारी भूमि संरक्षक अधिकारी तुलसीराम प्रजापति ने शिकायतकर्ताओं को 31 दिसंबर को आने की जानकारी दी थी। फिर 5 जनवरी को आने की सूचना दी गई। इसके बाद 9 जनवरी को जांच करने की सूचना दी। जांच टीम एक दिन पूर्व ही 8 जनवरी को गांव में पहुंच गई। आरोप है कि जांच टीम की ओर से कुछ आंशिक ही जांच पड़ताल की गई। इसके बाद डीएम को 24 जनवरी को शिकायत की गई। डीएम ने जांच पड़ताल कराने का आश्वासन दिया था। आरोप है कि डीएम के आदेश की अवहेलना करते हुए जांच टीम तीन फरवरी को भी गांव में नहीं पहुंची, जिसको लेकर शिकायतकर्ताओं में रोष व्याप्त है। शिकायतकर्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर विकास कार्यों की जांच पड़ताल नहीं गई तो वे ग्रामीणों को साथ लेकर डीएम कार्यालय पर बेमियादी धरना प्रदर्शन करेंगे।