साउथ एशियन एथलेटिक्स गेम्स में जीते स्वर्ण पदक
मुजफ्फरनगर। श्रीलंका के कोलंबो में 25 से 27 अगस्त तक हुए सेकंड साउथ एशियन एथलेटिक्स गेम्स में जिले के बिराल गांव के धावक रितिक और मोहसीन ने स्वर्ण पदक जीतने में कामयाबी पाई है। युवा एथलीटों की सफलता से परिवार में खुशियां छा गई है। श्रीलंका से लौटने पर उनके स्वागत की तैयारी चल रही है।
बिराल गांव के किसान प्रदीप सिंह के छोटे पुत्र रितिक सिंह ने 200 मीटर दौड़ में धूम मचा दी है। जापान, पाक, श्रीलंका, बांग्लादेश, मलयेशिया के धावकों को पछाड़ कर भारत के लिए गोल्ड जीता है। श्री हरचंद इंटर कॉलेज बिराल के दसवीं के छात्र रितिक बचपन से एथलेटिक्स में मेहनत कर रहा है। भारतीय खेल विकास बोर्ड दिल्ली के निर्देशन में चुनी गई टीम में उसे शामिल किया गया था। बेटे की कामयाबी पर मां बालेश गदगद है। भाई डीएवी डिग्री कॉलेज में एमएससी के छात्र सागर सिंह और मामा योगेंद्र सिंह ने बताया कि रितिक का सपना एशियाड और ओलंपिक खेलों में देश के लिए पदक जीतना है। उन्हीं के गांव के आईटीआई के छात्र मोहसीन ने 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया है। गांव में कड़ी प्रैक्टिस के बाद उसने कोच मुकेश शर्मा के निर्देशन में ट्रेनिंग की। उनके पदक जीतने से बिराल गांव में हर्ष का माहौल है। गांव लौटने पर पदक विजेता धावकों के सम्मान की तैयारी चल रही है। परिजनों के मुताबिक बृहस्पतिवार शाम दोनों खिलाड़ी मुजफ्फरनगर पहुंचेंगे।