खतौली। मुख्यमंत्री समग्र ग्राम विकास योजना के तहत तहसील क्षेत्र के पांच गांवों को चयनित किया गया है। इन गांवों में जिन पात्र परिवारों के राशन कार्ड नहीं बने हैं या किसी कारणवश छूट गए हैं, उनके राशन कार्ड बनवाए जाएंगे। इसके लिए आपूर्ति निरीक्षक रजनी चौधरी ने टीम के साथ गांव में पहुंचकर पात्र परिवारों को राशन कार्ड बनवाने के लिए फार्म वितरित किए। आपूर्ति निरीक्षक ने बताया कि मुख्यमंत्री समग्र ग्राम विकास योजना के तहत जांच पड़ताल के बाद पांच गांव दूधाहेड़ी, दाहौड़, गालिबपुर, अंतवाड़ा व भूपखेड़ी को चयनित किया गया है। उन्होंने खुद परिवारों में पहुंचकर फार्म वितरित किए। फार्म भरकर कार्यालय में जमा करने पर जांच पड़ताल के बाद इन परिवारों के राशन कार्ड बनवाए जाएंगे।