मुजफ्फरनगर। एसडी पब्लिक स्कूल सीनियर विंग में स्वास्थ्य सप्ताह का आयोजन हुआ। बच्चों ने कविताओं, भाषण, नाटकों के माध्यम से सभी को जागरूक किया। समापन अवसर पर डॉ. मनोज काबरा ने बच्चों को ज्ञानवर्धक और रोचक तरीके से शारीरिक, मानसिक, सामाजिक स्वस्थता के विषय में बताया।
योग तथा साधना जीवन में नितांत आवश्यक है इस बात को बच्चों ने विभिन्न यौगिक मुद्राओं के माध्यम से नृत्य-संगीत के सहयोग से प्रस्तुत किया। मंच पर कक्षा पांच के बच्चों ने पौष्टिक सब्जी, फल आदि बनकर इनके महत्व के विषय में बताया। प्रधानाचार्या चंचल सक्सेना ने कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। अत: हमें सर्वप्रथम अपने स्वास्थ्य को बनाना है। इसके लिए हमें पौष्टिक तथा संतुलित आहार लेना चाहिये तथा अपनी दिनचर्या में योग तथा व्यायाम को भी स्थान देना चाहिए। इंचार्ज गीता मित्तल ने अतिथियों का आभार जताया। दीपिका, संगीता, मनीषा, सुप्रीत आदि का योगदान रहा।