मुजफ्फरनगर। चेयरमैन अंजू अग्रवाल ने जनकपुरी में 11 बीघा जमीन पर 53 लाख की लागत से बन रही गौशाला का निरीक्षण किया। काम बंद पड़े होने पर नाराजगी जताई। निरीक्षण के बाद चेयरमैन ने ठेकेदार को मौके पर बुलाकर दो दिन में काम शुरू करने और शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। गौशाला से मुख्य मार्ग तक का सड़क निर्माण शीघ्र पूरा करने के भी निर्देश संबंधित ठेकेदार को दिए। अवर अभियंता निर्माण केके सिंघल से जवाब तलब किया। रुड़की चुंगी के पास पड़ी पालिका की 1350 वर्ग गज जमीन की स्थिति देखी। रामपुरी में डलावघर और अस्पताल के डलावघर को भी देखा। एटूजेड को सफाई के आवश्यक दिशा निर्देश दिए। शाम से समय तीन बजे से छह बजे तक चल रहे विशेष सफाई अभियान का भी अंजू अग्रवाल ने निरीक्षण किया।
वेंडर कर रहे अवैध वसूली
मुजफ्फरनगर। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष देशबंधु तोमर ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसियों के वेंडर जनता से निर्धारित गैस मूल्य से अधिक की वसूली कर रहे हैं। गैस का मूल्य 749 रुपये है। इससे अधिक पैसा लेना गलत है। अधिकतम वेंडर 800 और 780 ले रहे हैं।
माता-पिता का साक्षात्कार गलत
मुजफ्फरनगर। अंबेडकर युवा मंच के राधेश पप्पू ने होली एंजिल कान्वेंट स्कूल में बच्चे के एडमिशन के दौरान माता-पिता का साक्षात्कार लिए जाने को गलत बताया है। पप्पू का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट ने इस पर रोक लगा रखी है। यह उच्चतम न्यायालय के आदेशों की अवमानना है।