इनरव्हील क्लब ने किया पौधारोपण
मुजफ्फरनगर। इनर व्हील-डे पर क्लब के सदस्यों ने कलक्ट्रेट और श्रीराम कॉलेज में पौधारोपण किया। क्लब के पौधरोपण के कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन हरीशचंद्र और एडीएम वित्त सियाराम मौर्य, डीजीसी रिवेन्यू डॉ जेबा जमाल मौजूद रहे। सभी ने पौधरोपण के महत्व पर प्रकाश डाला। दीपा सोनी, राना परवीन, सुधाराज शर्मा, नीरज शर्मा, रजनी चौधरी, मंजू शर्मा, प्रीति खन्ना, नेहा खन्ना आदि रहे।
गणतंत्र को समर्पित होगी दौड़
मुजफ्फरनगर। सेवानिवृत्त नागरिक समिति बरला के कोषाध्यक्ष ब्रजभूषण त्यागी ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर बरला में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर 1600 मीटर दौड़ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन युवाओं में राष्ट्र प्रेम का संचार करने के लिए होगा। 21 जनवरी को 11 बजे इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजन होगा। 14 से 25 वर्ष के युवा इसमें भाग लेंगे।
हम स्वेटर नहीं बांट सकते
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने स्वेटर वितरण की जिम्मेदारी शिक्षकों को देने का विरोध किया है। इसे लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट में धरना दिया।
धरना देकर मुख्यमंत्री के नाम डीएम को दिए ज्ञापन में शिक्षकों ने कहा कि शासन ने परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को स्वेटर वितरण प्रबंध समिति यानी शिक्षकों के माध्यम से क्रय कर वितरण का निर्णय लिया है। यह शिक्षकों के साथ अन्याय है। लखनऊ में कंपनी 249 में स्वेटर देने को तैयार थी, यहां गुणवत्तायुक्त 200 रुपये में क्रय करने के आदेश दिए है। एक ही रंग के स्वेटर बाजार में नहीं है। जूनियर और प्राथमिक के बच्चों के लिए समान धनराशि दी जा रही है। पैसा केवल पचास प्रतिशत 100 रुपए उपलब्ध कराया जा रहा है। शिक्षक उधार स्वेटर कहां से लायेंगे। धरने में जिलाध्यक्ष संजीव बालियान, जिला महामंत्री इंदूभूषण शर्मा, बालेंद्र कुमार, राजेंद्र सिंह, अनुज गोयल, सत्यवीर भाटी, यादवेंद्र सिंघल, अनुपम, रेनू, शिप्रा,कपिला आदि रहे।