स्ट्रीट लाइट न जलने से अंधेरा छाया
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। नगर पंचायत बोर्ड की पहली बैठक में ही प्रस्तावों को लेकर चेयरमैन व सभासदों के बीच हुए हंगामा का खामियाजा कस्बे की जनता को भुगतना पड़ा। शनिवार की शाम स्ट्रीट लाइट नहीं जलने से पूरा कस्बा अंधेरे में डूब गया।
नगर पंचायत की शनिवार को हुई पहली बोर्ड बैठक में चेयरमैन द्वारा रखे गए 12 प्रस्तावों को सभासदों ने हंगामा करने के बाद खारिज कर पहले समिति बनाकर प्रस्ताव रखने की मांग की थी। हंगामा होने पर चेयरमैन ने बैठक को एक माह के लिए स्थगित कर दिया था। बैठक में हंगामा होने का असर नगर की जनता को भी झेलना पड़ा। शनिवार की शाम चेयरमैन द्वारा नगर की सभी स्ट्रीट लाइटें तेल के अभाव के कारण बंद करा दी गई। चेयरमैन प्रवेंद्र भडाना का कहना है कि सभासदों द्वारा कोई भी प्रस्ताव पास नहीं करने के कारण तेल का पहले ही डेढ़ लाख रुपया बकाया है। जिस कारण पेट्रोल पंप मालिक ने तेल देने से मना कर दिया है। ऐसे में नगर की जनता को स्ट्रीट लाइट से रोशनी देना एक बड़ी समस्या बन गई है। तेल न होने से नगर को पानी की व्यवस्था करना भी बड़ा मुश्किल है। लेकिन तेल की व्यवस्था कर नगर को पेयजल की आपूर्ति की व्यवस्था की जाएगी।