केबीसी में लाटरी लगने का झांसा देकर 4.92 लाख हड़पे
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। व्हाट्सएप पर केेबीसी (कौन बनेगा करोड़पति) में 25 लाख रुपये का इनाम निकलने का मेसेज भेजकर किसान के बेटे से 4.92 लाख रुपये ठगी का मामला प्रकाश में आया है। एसपी सिटी सतपाल अंतिल के आदेश पर पुलिस ने साइबर क्राइम से जुड़े दिल्ली के आरोपी इकबाल के खिलाफ आईटी एक्ट और अमानत में ख्यानत का केस दर्ज किया है।
पिछले महीने की सात अक्तूबर की बात है। बधाई कलां के किसान सहेंद्र के 14 वर्षीय बेटे विनीत पाल के व्हाट्सएप पर केबीसी में 25 लाख की लाटरी लगने का एक मेसेज आया था। मेसेज देखकर वह और उसका परिवार ऑनलाइन ठगों के झांसे में आ गया। उसने कभी इस प्रतियोगिता में हिस्सा तक भी नहीं लिया था। बिना सोचे उसने आरोपियों पर विश्वास कर लिया और बताए गए व्हाटसएप पर लाटरी का नंबर भेज दिया। उसके बार रकम हड़पने का खेल शुरू हो गया। इसके बावजूद उसने आरोपियों के कहने से करीब आठ बार अलग-अलग किस्तों में धनराशि दिए गए नंबरों में मंगवा ली। पहली किस्त 8100 रुपये एसबीआई का मैनेजर बनकर मंगाई गई। उसके बाद सीबीआई जांच के नाम पर 45 हजार और 25 हजार रुपये खातों में डलवाए गए। इसके बाद सिक्योरिटी के नाम पर 4.14 लाख रुपयो की डिमांड कर दी। आरोपियों के जाल में फंसे किसान सहेंद्र ने 2.99 लाख अपने खाते और बाकी रकम 1.15 गांव के नरेश के खाते से भेजवा दिए। इसके बावजूद लाटरी की रकम नहीं भेजी, तो किसान को शक हुआ। उसने फोन पर अज्ञात फोन करने वाले से सवाल किया तुमने कुल 492100 रुपये हमारे से कई किस्तों में ले लिए, लेकिन अभी तक 25 लाख रुपये क्यों नहीं भेजे गए। इस पर आरोपी ने 20 हजार रुपये और भेजने की बात कही, तभी कार्रवाई होगी। इस पर किसान को शक हुआ। इस मामले में पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने दिल्ली के खाताधारक इकबाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।