मोरना। ककरौली के गांव कटिया निवासी और जनपद हरदोई में तैनात सिपाही विपिन बैंसला की शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। उसकी मौत से परिजन सदमे में हैं, जिन्हें सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। देर रात तक सिपाही का शव पैतृक गांव में पहुंचने की संभावना है।
ककरौली थाना क्षेत्र के गांव कटिया निवासी विपिन बैंसला (24) पुत्र चैन सिंह वर्ष 2015-16 बैच में बिजनौर से पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था। नोएडा ट्रेनिंग सेंटर पर प्रशिक्षण लेने के बाद उसकी कांस्टेबल पद पर हुई थी। फिलहाल वह जनपद हरदोई के पिहानी थाने की जहानीखेड़ा पुलिस चौकी पर तैनात था। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब दस बजे हरदोई के एनएच-24 पर सीतापुर से शाहजहांपुर की ओर जा रहे डीसीएम को विपिन बैंसला ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक डीसीएम लेकर भाग निकला। इस पर विपिन ने चौकीदार सुमेर के साथ बाइक से डीसीएम का पीछा करते हुए गांव धामापुर के निकट बाइक उसके आगे लगाकर डीसीएम रुकवा ली। जैसे ही सिपाही व चौकीदार डीसीएम की तरफ बढ़े, चालक ने दोनों को कुचल दिया। चौकीदार सुमेर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विपिन ने शाहजहांपुर ले जाए जाते समय दम तोड़ दिया।
बाद में पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर डीसीएम को भी कब्जे में ले लिया। विपिन की मौत की सूचना हरदोई पुलिस द्वारा उसके परिजनों को दी गई तो उनमें कोहराम मच गया। पीड़ित परिजन तत्काल हरदोई के लिए रवाना हो गए। परिजनों के अनुसार, विपिन के शव का पोस्टमार्टम शाहजहांपुर जिला अस्पताल में होगा, जिसके बाद देर रात तक उसके पैतृक गांव पहुंचने की संभावना है। प्रधान तपेंद्र, ब्लॉक प्रमुख योगेश गुर्जर, जिला पंचायत सदस्य नजर सिंह गुर्जर, ओमकार सिंह व जडवड प्रधान मेहरचंद आदि ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उन्हें सांत्वना दी।
डेढ़ साल पहले हुई थी विपिन की शादी
विपिन के पिता चैन सिंह टिकौला शुगर मिल में कर्मचारी हैं। उसका भाई सचिन खेती करता है, जबकि बहन ललिता पढ़ रही है। उसकी शादी डेढ़ साल पहले जानसठ के ग्राम मंतौडी की दीप्ति से हुई थी। उसकी मौत से पत्नी दीप्ती व मां उर्मिला होश खो बैठी हैं, जिन्हें परिजन बामुश्किल संभाले हुए हैं।