रतनपुरी। खतौली व बुढ़ाना मार्ग पर एक माह पूर्व आए आंधी तूफान में सड़क किनारे खड़े वन विभाग के दर्जनों पेड़ टूट कर गिर गए थे। टूटे हुए पेड़ अभी तक किसानों के खेतों में ज्यों के त्यों पड़े हैं। वन विभाग के कर्मचारी इन पेड़ों को किसानों के खेतों में से नहीं हटवाए हैं। इन टूटे पेड़ों की वजह से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंच रहा है।
विदित हो एक माह पूर्व तेज आंधी तूफान में खतौली व बुढ़ाना मार्ग पर गांव बड़सू और सठेड़ी के बीच में सड़क किनारे खड़े वन विभाग के यूकेलिप्टिस के दर्जनों विशाल पेड़ टूट कर बराबर के खेतों में जा गिरे थे। एक माह बीत जाने के बाद भी वन विभाग के किसी कर्मचारी ने खेतों में टूटे पड़े इन पेड़ों के विषय में कोई संज्ञान नहीं लिया है। इन पेड़ों के किसानों के खेतों में पड़े होने से किसानों की फसलों को भी काफी नुकसान हो रहा है। वन विभाग के पेड़ होने के कारण किसान इन्हें स्वयं भी नहीं उठा पा रहे हैं। वन विभाग का कोई अधिकारी भी खेतों में गिरे पड़े इन यूकेलिप्टिस के विशाल पेड़ों की सुध लेने नहीं पहुंचा है।