अमरेश का तय हो गया था रिश्ता
भोपा। एससी-एसटी एक्ट में बदलाव के विरोध में भड़की हिंसा में गादला गांव के युवक अमरेश की गोली लगने से मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। गांव में भी शोक व्याप्त है। गांव से 50 की संख्या में लोग विरोध प्रदर्शन में मुजफ्फरनगर गए थे।
भोपा के गांव गादला से सोमवार की सुबह लगभग 50 लोग प्रदशर्न में शामिल होने मुजफ्फरनगर गए थे। उन्हीं के साथ अमरेश उर्फ काला पुत्र सुरेश भी शामिल था। नई मंडी कोतवाली पर पथराव व आगजनी के बाद हिंसा भड़क उठी। हिंसा के दौरान हुई फायरिंग में अमरेश के सीने में गोली लगी। गोली लगने से अमरेश की मौत हो गई। अमरेश की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिवार में पिता सुरेश, माता जलसो, दादी किशनदेई, बड़ी बहन रुबी, भाई इंद्रेश, छोटा भाई दीपक का रो रोकर बुरा हाल है। गांव में भी अमरेश की मौत से शोक व्याप्त है। मृतक के घर व पोस्टमार्टम हाउस पर लोगों की भारी भीड़ लगी हुई है। उधर, अमरेश ऊर्फ काला का रिश्ता भी तय हो गया था। रविवार को वह अपने परिजनों के साथ मखियाली गांव में मांग भराई की रस्म में भी गया था। परिवार के लोग शादी की तैयारी में लग गए थे।