आठ दिन में रिजल्ट होगा जारी
मुजफ्फरनगर।
परिषदीय स्कूलों में मंगलवार से परीक्षाएं प्रारंभ हो गई है। वार्षिक परीक्षा में पांचवीं और आठवीं की परीक्षा यूपी बोर्ड की तर्ज पर है। शहर में बच्चों ने टाट-पट्टी के बजाय कुर्सी-मेज लगाकर पेपर दिए। जिले में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में करीब एक लाख 38 हजार से अधिक बच्चों की परीक्षाएं होगी। विभाग आठ दिन में परीक्षा कराने के साथ रिजल्ट भी जारी करेगा।
मंगलवार को परिषदीय विद्यालयों की वार्षिक परीक्षाएं भी प्रारंभ हो गई। पहले दिन सुबह साढ़े नौ बजे से पेपर कराया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक परीक्षा में भाग लिया। जिले में करीब 1163 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित है। जिनमें वार्षिक परीक्षाएं 20 से 26 मार्च में तक आयोजित की जाएगी। मंगलवार को हिंदी, कला का पेपर लिया गया। कक्षा पांचवीं और आठवीं की परीक्षा बोर्ड की तर्ज पर ली गई। हालांकि इस साल कई स्कूलों में अनोखा नजारा देखने को मिला। कई स्कूलों में बच्चों ने टाट-पट्टी के बजाए कुर्सी-मेज पर बैठकर परीक्षा दी है। परीक्षा का मूल्यांकन 27 और 28 मार्च को किया जाएगा। 28 मार्च की शॉम तक रिजल्ट जारी किया जाएगा। बीएसए चंद्रकेश यादव ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों की परीक्षाएं सुचारु रूप से चालू हो गई हैं। जिले में लगभग एक लाख 38 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में भाग ले रहे हैं। सभी ब्लॉक पर एबीएसए और बीआरसी को निर्देश किए गए है।