मजदूरों का डीएम दफ्तर पर प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर। ईंट भट्ठा कामगार यूनियन के नेतृत्व में भट्ठा मजदूरों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए डीएम से निराकरण की मांग की।
यूनियन के मंत्री सुभाष उपाध्यक्ष के नेतृत्व में ईंट भट्ठा मजदूरों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। डीएम के नाम दिए ज्ञापन में कहा कि भट्ठे पर श्रम कानूनों का पालन नहीं होने के कारण भट्ठा मजदूरों का उत्पीड़न किया जा रहा है। बढ़ती महंगाई के इस दौर में उनको बेहद कम मेहनताना मिल रहा है। यूनियन ने डीएम से ईंट पथाई रेट 700 रुपये प्रति हजार दिलाने, श्रमिकों को पहचान पत्र जारी कराने, हाजिरी कार्ड की व्यवस्था लागू कराने, श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा के लिए भट्ठे पर स्कूल की व्यवस्था कराने, मजदूरों के परिवारों को रियायती दर पर राशन दिलाने आदि मांग की गई। मांग पूरी नहीं कराने पर यूनियन ने जिला मुख्यालय पर आंदोलन करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन में सुभाष उपाध्याय, उदयवीर, विक्रम, नरेश, राजवीर, सुनील आदि सैकड़ों मजदूर शामिल रहे।