मुजफ्फरनगर। जनपद में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जिले में 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा।
डीएम जीएस प्रियदर्शी ने कलक्ट्रेट स्थित सभागार में आयोजित बैठक में कहा कि 25 जनवरी पूरे उत्साह के साथ मतदाता दिवस आयोजित होगा। प्रत्येक बूथ पर विभिन्न स्तरों पर आयोजित कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने आने वाले मतदाताओं को शपथ ग्रहण कराई जाएगी। 25 जनवरी को बूथों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे। डीएम ने इसमें अधिक से अधिक युवाओं और महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए स्कूल-कॉलेजों में कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए। प्रभातफेरी, स्लोगन राइटिंग एवं निबंध लेखन के जरिये प्रचार-प्रसार किया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा में सर्वोत्तम कार्य करने वाले बीएलओ को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने अफसरों से राष्ट्रीय मतदाता दिवस को सफल बनाने और जनसहभागिता कराने पर जोर दिया। बैठक में एडीएम प्रशासन हरीशचंद्र, बीएसए चंद्रकेश यादव, सभी एसडीएम और तहसीलदार मौजूद रहे।