सुबह जोश में मतदान, शाम को जश्न में जुलूस
मुजफ्फरनगर।
छात्रसंघ चुनाव में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दिन निकलते ही प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ कालेजों पर पहुंच गए। सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक कालेजों में मतदान करने के लिए छात्रों ने खूब जोश दिखाया। दोपहर के बाद मतदान वार्ड से भीड़ छंट गई। शाम को जैसे ही परिणाम आया तो कालेजों के बाहर ढोल-नगाड़े बज उठे। विजेता प्रत्याशियों ने कारों के काफिले के साथ जीत के जश्न में जुलूस निकाला।
सोमवार को डीएवी कालेज और एसडी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव कराया गया। पांच साल बाद हुए चुनाव को लेकर छात्रों में उत्साह दिखाई दिया। सुबह से प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ कॉलेज के बाहर डेरा डाल लिया। एबीवीपी और गठबंधन के समर्थकों ने नारेबाजी कर चुनावी गर्माहट को बढ़ाया। डीएवी के बाहर पुलिस बल तैनात रहा, लेकिन छात्रों की भीड़ के आगे स्थिति खराब रही। एसडी कालेज में 1192 वोटर में से 700 से ज्यादा ने पोलिंग में भाग लिया। यहां दोपहर तक छात्रों की लाइन लगी रही। एसडी कॉलेज में भी 1152 वोटरों में से 619 ने वोट डालकर प्रत्याशियों को चुना। शाम करीब पांच बजे एबीवीपी की जीत की घोषणा के बाद माहौल बदल गया। समर्थकों ने डोल-नगाड़ों के साथ सड़क पर जश्न मनाया। इसके बाद विजेताओं ने कारों के काफिलों के साथ शहरभर में जुलूस निकाला। जुलूस शहर के मुख्य चौराहों से निकाले गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जीत के नारे लगाए।
सबसे अधिक डीएवी कॉलेज में वोट
मुजफ्फरनगर। डीएवी कालेज में अध्यक्ष पद को सबसे अधिक 582 वोट पड़े हैं। इसके अलावा उपाध्यक्ष पर 523 और संयुक्त सचिव पर 521 वोट पड़े हैं। जबकि सबसे कम वोट एसडी कालेज में अध्यक्ष पद अर्जुन कुमार को 122 पड़े हैं।
सड़क जाम होने से फंसे राहगीर
मुजफ्फरनगर। कालेजों में हुए चुनाव के कारण कई मार्गों पर जाम के हालात बने रहे। परिणाम आने के बाद छात्रों ने विजयी जुलूस निकाले तो यातायात व्यवस्था भी चरमरा गई। एसडी रोड, भोपा रोड और मीनाक्षी चौक, महावीर चौक के साथ प्रकाश चौक पर जुलूस के कारण जाम लगा रहा। इससे यातायात आवागमन प्रभावित हो गया।