डिपो ने 14.87 लाख रुपये की मुफ्त यात्रा कराई
मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से रक्षाबंधन पर बहनों को दिए गए तोहफे में 34190 महिलाओं ने रोडवेज बसों में फ्री में यात्रा की। मुजफ्फरनगर डिपो ने रक्षाबंधन के दिन महिलाओं को 14.87 लाख रुपये की मुफ्त यात्रा कराई है। बृहस्पतिवार को एआरएम बीपी अग्रवाल की ओर से तमाम आंकड़े आरएम और लखनऊ जीएम को भेजे गए है।
सूबे के मुख्यमंत्री योगी ने रक्षाबंधन के दिन महिलाओं के लिए रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा की सौगात दी। सीएम की घोषणा के बाद परिवहन निगम ने 6 अगस्त की रात्रि 12 बजे से 7 अगस्त की मध्यरात्रि तक रोडवेज की बसों में महिलाओं को फ्री यात्री कराई। बस में सवार महिलाओं को जीरो बैलेंस का टिकट दिया गया, ताकि फ्री में सफर करने वालों की रिकार्ड रह सके। बृहस्पतिवार को मुजफ्फरनगर डिपो के एआरएम की ओर से इस योजना के तमाम आंकड़े सहारनपुर आरएम और लखनऊ जीएम को भेजे गए। डिपो के आईटीएमएस प्रभारी अनुज त्यागी के अनुसार रक्षाबंधन के दिन डिपो के बेड़े में शामिल सभी 201 बसों का संचालन किया गया, जिनमें 138 निगम की और 63 बसें अनुबंधित शामिल रहीं। बहनों को बेहतर यात्रा उपलब्ध कराने के लिए कानपुर, लखनऊ, काठगोदाम, हल्द्वानी, दिल्ली, देहरादून, मुरादाबाद, पानीपत, सहारनपुर, आगरा, मथुरा आदि सभी प्रमुख मार्गों पर बसों का संचालन कराया गया। रक्षाबंधन के दिन डिपो की बसों में 34190 बहनों ने फ्री में यात्रा की। डिपो ने बहनों को कुल 14 लाख 87 हजार 145 रुपये का मुफ्त में सफर कराया है।