शिवसेना का कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर। सूबे में बिजली दरों में की गई वृद्धि के विरोध में शिवसेना कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वृद्धि को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने की मांग की।
शिवसेना कार्यकर्ता जिला प्रमुख नरेंद्र सिंह पंवार व नगर प्रमुख देवेंद्र चौहान के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट में पहुंचे। प्रदर्शन करते हुए सीएम योगी के नाम एडीएम वित्त सुनील कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। इससे पहले प्रकाश चौक स्थित पार्टी कार्यालय पर शिवसेना कार्यकर्ता एकत्र हुए। ललित मोहन शर्मा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जन विरोधी फैसले लेने का आरोप लगाया। कहा कि पहले से महंगी विद्युत दरों की मार झेल रही जनता पर फिर से दरें बढ़ाकर आर्थिक बोझ डाला गया है। यदि विद्युत दरें कम नहीं हुई तो शिवसेना सड़कों पर उतर पर इसका विरोध करेगी। मौके पर आनंद प्रकाश गोयल, मुकेश त्यागी, प्रदीप कोरी, योगेंद्र कश्यप, अनिल, मोनू, आशुतोष शर्मा, वैभव यादव, ओमकार पंडित, शैलेंद्र शर्मा, लोकेश सैनी, दीपक राजपूत, प्रदीप जैन, रविंद्र, जितेंद्र गोस्वामी, गोपाल कश्यप आदि शामिल रहे।