विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया के पहले दिन किसी ने भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। हालांकि 26 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र प्राप्त किए। चरथावल से एक भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र प्राप्त नहीं किया। जिला प्रशासन ने इस अवसर पर कलक्ट्रेट में चाक चौबंद व्यवस्था रखी है। नामांकन के समय प्रत्याशी के साथ केवल दो प्रस्तावकों के अंदर जाने की अनुमति है।
नामांकन पत्र दाखिल करने के पहले दिन किसी ने भी पर्चा नहीं भरा।
प्रत्याशियों ने केवल नामांकन पत्र हासिल किए। खतौली विधानसभा सीट से सबसे ज्यादा नामांकन पत्र हासिल किए गए। इनमें सपा प्रत्याशी चंदन चौहान, जनार्दन शर्मा, सतवीर सिंह, शिवान सैनी, सुरेंद्र कुमार, विक्रम सैनी, यज्ञपाल, अमानतउल्ला खां के नाम शामिल हैं। पुरकाजी सीट से माधोराम, अनिल कुमार, वीरमति, अमित चौधरी, आत्माराम, मितवा भंवर ने पर्चे लिए। मीरापुर से अख्तर मोहसिन, नवाजिश आलम, जीशान, मिथलेश पाल ने नामांकन पत्र लिया।
सदर से रेनू, राकेश शर्मा, राजकिशोर, अमरीशा, संजय अग्रवाल, परमाल, बुढ़ाना से सईदा बेगम, उमेश मलिक, मुकद्दस ने नामांकन पत्र हासिल किया। कुल 26 लोगों ने नामांकन पत्र प्राप्त किए। पहले दिन किसी का भी नामांकन दाखिल नहीं हो सका। नामांकन दाखिल करने को लेकर जिला प्रशासन ने भारी सुरक्षा व्यवस्था की। नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाने से आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ा।
नामांकन स्थल पर नो एंट्री
कलक्ट्रेट में सभी छह विधानसभा सीटों के लिए नामांकन शुरू हो गया है। मंगलवार को पहले दिन बैरिकेडिंग क्षेत्र का हिस्सा सुनसान रहा। कचहरी में आने वाले लोगों को मंगलवार को रास्ते बंद होने के कारण परेशानियों का सामना जरूर करना पड़ा।
विधानसभा चुनाव के लिए कलक्ट्रेट में नामांकन स्थल बनाए गए हैं। सभी छह विधानसभा सीटों के लिए यहीं पर नामांकन होगा। इसमें बुढ़ाना, शहर, चरथावल और मीरापुर के नामांकन एक ही लाइन में एडीएम प्रशासन के दफ्तर से लेकर डीडीसी चकबंदी के कार्यालय में हो रहे हैं,
जबकि खतौली और पुरकाजी के नामांकन की व्यवस्था एसओसी चकबंदी और अतिरिक्त डिप्टी कलेक्टर के कार्यालय में की गई है। मंगलवार को यह पूरा क्षेत्र बैरिकेडिंग लगाकर सील किया गया। वकील से लेकर आम आदमी तक की नो एंट्री रही। कचहरी के मुख्य गेट पर ही लोगों को रोका गया। कचहरी में आने वाली आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ा।