डूडा कर्मचारी समेत 25 लोग कोरोना संक्रमित मिले
मुजफ्फरनगर। कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को शहर समेत जिले भर में 25 लोग कोरोना संक्रमित मिले है। इनके डूडा कर्मचारी भी पॉजिटिव मिलने से विकास भवन में हड़कंप मचा है। सबसे अधिक मोरना में सात नए केस आए है। बुधवार को 34 मरीज ठीक होकर घर लौटे है। अब तक जिले में 482 मरीज मिल चुके हैं, जिनमें से 319 कोरोना को मात दे चुके है। अब 151 एक्टिव केस है, जो कोविड अस्पताल में भर्ती है। आज मिले कोरोना पॉजिटिव लोगों को भी कोविड अस्पताल बेगराजपुर में भर्ती कराया गया है।
एडीएम वित्त आलोक कुमार ने बताया कि बुधवार को 25 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। सुबह पहले 17 लोग मिले थे। शाम को आई रिपोर्ट में आठ लोग और पॉजिटिव मिले, जबकि 34 मरीज ठीक होकर अस्पताल से घर आए है। अब एक्टिव केस 151 हो गए है। सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार चोपड़ा ने बताया कि विकास भवन में स्थित डूडा कार्यालय का कर्मचारी भी पॉजिटिव आया है। इससे पहले भी इसी विभाग का एक कर्मचारी संक्रमित मिल चुका है। इसके अलावा मोरना मे सात, चरथावल में एक, बुढ़ाना में पांच, शाहपुर में एक, शहर की अग्रसेन विहार कालोनी में चार, नार्थ सिविल लाइन में एक, वहलना में एक, रामलीला टिल्ला में एक, रामपुरी में एक, ओम पैराडाइड में एक, मिमलाना रोड में एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है। सीएमओ ने बताया कि सभी को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांधी कालोनी में डोर-टू-डोर अभियान चलाया
मुजफ्फरनगर। गांधी कालोनी में लगातार मिल रहे कोरोना के केस को देखते हुए बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरी गांधी कालोनी में डोर-टू-डोर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 134 टीमों ने घर-घर जाकर थर्मल स्क्रीनिंग की और ऑक्सीमीटर से जांच की। एडीएम प्रशासन अमित सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार, सीओ मंडी धनंजय कुशवाह आदि ने इलाके में भ्रमण किया। इस दौरान गांधी वाटिका में कोरोना के सैंपल भी लिए गए। पूरी कालोनी को सैनिटाइज कराने का कार्य भी शुरू किया गया।