प्रशासन के साथ स्वास्थ्य महकमा भी चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगा है। मतदान कर्मियों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के लिए स्वास्थ्य किट तैयार की गई है। हालांकि इस बार बुखार, उल्टी के साथ ही दिल की बीमारी से जुड़ी दवाइयां भी किट में रखी जाएंगी, लेकिन यह दवाई सभी किट में नहीं होगी। प्रशासन के अनुरूप किट बनाई जा रही है।
जनपद में पहले चरण में ही मतदान होना है। 11 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए प्रशासन तैयारियों में जुटा है। मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही चिकित्सा विभाग भी चुनाव की तैयारियों में लगा है। पोलिंग बूथ और सेंटर पर तैनात रहने वाले कर्मियों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से किट दी जाती है। जिसमें प्राथमिक उपचार से संबंधित सभी दवाइयां और मरहम-पट्टी रखी गई है।
जनपद की छह विधानसभाओं में 1819 बूथ बनाए गए हैं। इनमें पर तैनात रहने वाले कर्मचारियों को एक स्वास्थ्य किट मिलेगी। बीटाडीन, पट्टी, उल्टी, सरदर्द, जी मिचलाना, चोट लगना, बुखार आदि की दवाइयां रहेंगी। वहीं, सेक्टर मजिस्ट्रेट को मिलने वाले मेडिकल बॉक्स में प्राथमिक उपचार की दवाइयों के साथ हार्ट की दवाइयां भी रखी गई हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने प्रशासन को 2200 किट मतदान कर्मियों के लिए और 160 मेडिकल बॉक्स सेक्टर मजिस्ट्रेट के लिए दिया है। सीएमओ डॉ एसके जैन ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को भी निर्देश मिल रहे हैं, उनके अनुसार कार्य किया जा रहा है।